क्या पुरानी मरीज भी एम्स के हेल्थ कैंप में करा सकती हैं इलाज? अपॉइंटमेंट लेनी पड़ेगी या नहीं

Health Camp in AIIMS delhi for Women: एम्स नई दिल्ली में स्‍वस्‍थ नारी, सशक्‍त पर‍िवार अभ‍ियान के तहत महिलाओं और बच्चों के लिए लगाए गए मेगा हेल्थ कैंप में बड़ी संख्या में महिलाएं इलाज कराने के लिए पहुंच रही हैं. फ्री इलाज के साथ ही बिना किसी रजिस्ट्रेशन या अस्पताल का कार्ड बनवाने की बाध्यता के मिल रहे इलाज के चलते कैंप में आना महिलाओं को राहत भरा लग रहा है.इन महिलाओं की न केवल स्क्रीनिंग की जा रही है बल्कि सभी प्रकार की लैब जांचों से लेकर इलाज तक फटाफट किया जा रहा है. हालांकि कैंप को लेकर कुछ महिलाओं का ये भी सवाल है कि क्या एम्स में पहले से इलाज करा रही महिलाएं भी इस कैंप में आकर दिखा सकती हैं? क्या इसके लिए उन्हें अपॉइंटमेंट लेनी पड़ेगी या नहीं?इस बारे में एम्स की मेडिकल सुप्रिटेंडेंट डॉ. निरुपम मदान ने बताया कि यह कैंप पूरी तरह महिलाओं के इलाज के लिए लगाए गए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन यानि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज नई दिल्ली सहित एम्स के 3 अन्य आउटरीच सेंटर्स एनसीआई झज्जर, एम्स के सेंटर बल्लभगढ़ और त्रिलोकपुरी सेंटर पर इलाज दिया जा रहा है. यहां सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक महिलाएं आकर खुद को रजिस्टर कर डॉक्टर को दिखा सकती हैं. इसके लिए महिलाओं को एम्स में सामान्य दिनों की तरह लाइन में लगकर इलाज नहीं कराना होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!