अमन वर्मा (संभाग ब्यूरो इंदौर मध्य प्रदेश)
मंडलेश्वर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत उमिया महाविद्यालय के पीछे, नर्मदा तट स्थित आश्रम के समीप मंगलवार दोपहर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 1 बजे नर्मदा पर स्नान करने वालो ने नदी में एक युवक का शव तैरते हुए देखा था, जिसकी सूचना तत्काल मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम मौके पर रवाना किया और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक की मृत्यु आज ही पानी में डूबने के कारण हुई है। हालांकि, मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। मंडलेश्वर पुलिस आसपास के ग्रामीण इलाकों और थानों में संपर्क कर युवक की शिनाख्त करने के प्रयास में जुटी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मण्डलेश्वर भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। युवक कहाँ का निवासी है और यह घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस तफ्तीश कर रही है।
