लखनऊ। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) लखनऊ ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) परिसर में स्थित अवैध मजारों और गेट नंबर 24 के सामने स्थित दरिया वाली मस्जिद के पास पार्क पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। विहिप ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि आगामी 13 जुलाई 2026 (सोमवार) तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो विहिप और बजरंग दल अपने तरीके से इस समस्या का समाधान करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
विहिप लखनऊ के पदाधिकारियों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पूर्व में केजीएमयू के डॉक्टर रमीज मलिक द्वारा किए गए ‘लव जिहाद’ के कुकृत्य को मीडिया बंधुओं के सहयोग से विहिप ने ही सबसे पहले उजागर किया था। संगठन के आंदोलन और ज्ञापन के बाद ही महामहिम राज्यपाल ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में धर्मांतरण कराने वालों के विरुद्ध टीम गठित करने का ऐतिहासिक आदेश दिया था।
अवैध मजारों और पार्क पर कब्जे का आरोप:
विहिप ने बताया कि आंदोलन के दौरान केजीएमयू परिसर में स्थित अवैध मजारों का मुद्दा भी उठाया गया था, जो जांच में अवैध पाई गईं और उन्हें नोटिस भी जारी हुआ। लेकिन प्रशासन ने अब तक उन्हें ध्वस्त नहीं किया। इसके अतिरिक्त, केजीएमयू गेट नंबर 24 के सामने स्थित पार्क पर अवैध कब्जा कर गेट बनाने और चारों तरफ 10 फीट ऊंची दीवार खड़ी कर अतिक्रमण करने की कोशिश की जा रही है। 23 मई 2026 को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने के बाद काम तो रुका, लेकिन बाद में साठगांठ कर दीवार खड़ी कर दी गई।
