भिवंडी। सांसद संजय दीना पाटील द्वारा पत्रकारों को कथित रूप से गाली देने और मारपीट की धमकी देने के वायरल वीडियो के बाद भिवंडी के पत्रकारों में भारी रोष देखने को मिला। पत्रकारों ने महानगरपालिका के प्रवेश द्वार के बाहर एकत्र होकर सांसद के बयान का विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
इसके बाद पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भिवंडी के पुलिस उपायुक्त पवन बनसोड को ज्ञापन सौंपकर सांसद संजय दीना पाटील के खिलाफ पत्रकार सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज करने तथा कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
पत्रकारों ने ज्ञापन में कहा कि पत्रकारों के प्रति इस प्रकार की कथित अभद्र भाषा और धमकी लोकतंत्र एवं मीडिया की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रिपोर्ट : इसरार खान
