Delhi Traffic News Today: दिल्ली सरकार ने ट्रैफिक जाम खत्म करने के लिए बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है. जनकपुरी में नया फ्लाईओवर बनेगा और साकेत से प्रह्लादपुर तक 6-लेन एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी. जखीरा और सीलमपुर फ्लाईओवरों की मरम्मत के लिए करीब 38 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं. इन प्रोजेक्ट्स को आधुनिक तकनीक से बनाया जाएगा.
नई दिल्ली: राजधानी के लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम के नारकीय दर्द से मुक्ति मिलने वाली है. दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग ने राजधानी की रफ्तार बढ़ाने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दे दी है. पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में एक नया फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की गई है. वहीं दक्षिण दिल्ली में 1471 करोड़ रुपये की लागत से 5 किलोमीटर लंबी 6-लेन एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी. यह सड़क साकेत से पुल प्रह्लादपुर तक का सफर आसान करेगी. इसके साथ ही जखीरा और सीलमपुर जैसे पुराने फ्लाईओवरों की सूरत बदलने के लिए करोड़ों रुपये का बजट मंजूर हुआ है. सरकार का लक्ष्य केवल नई सड़कें बनाना नहीं बल्कि पुरानी संरचनाओं को आधुनिक तकनीक से मजबूत करना भी है. पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के अनुसार ये प्रोजेक्ट्स दिल्ली की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं.
