Darbhanga Airport: इंडिगो की ओर से लगातार विमान के रद्द किए जाने से दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ जमा हो गई. फ्लाइट रद्द होने से काफी परेशानी हो रही है और किराया भी आसमान छू रहा है.
दरभंगा. दरभंगा एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी का अंत नहीं हो रहा है. इंडिगो की फ्लाइट लगातार रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. यह समस्या केवल दरभंगा एयरपोर्ट तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अधिकांश हवाई अड्डों पर यात्रियों को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है.इंडिगो की ओर से लगातार विमान के रद्द किए जाने से दरभंगा एयरपोर्ट से नई दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता के हवाई किराए में अत्यधिक वृद्धि हुई है. फिलहाल दरभंगा से दिल्ली का हवाई किराया दिल्ली से बैंकॉक के हवाई किराए से भी अधिक है. आज यानी शनिवार 7 दिसंबर को दरभंगा से दिल्ली का किराया 61266 रुपए है, जबकि 9 और 10 दिसंबर को दरभंगा से दिल्ली का किराया 59464 रुपए तक पहुंच चुका है. इससे कम किराए में तो दिल्ली से दुबई और बैंकॉक का सफर किया जा सकता है.कहां के लिए उड़ाने हुई रद्दबीते दिनों दरभंगा एयरपोर्ट से आकाश एयरलाइंस और इंडिगो की चार जोड़ी विमान का परिचालन रद्द रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी. इंडिगो की मुंबई से दरभंगा आने और जाने वाली फ्लाइट और हैदराबाद से दिल्ली के लिए आने और जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट बीते दिनों रद्द कर दी गई. इधर दिल्ली से दरभंगा आने और जाने वाली आकाश एयरलाइंस की भी उड़ाने रद्द रही. स्पाइसजेट ने शुक्रवार को दिल्ली और मुंबई रूट पर अपनी एक-एक जोड़ी फ्लाइट का सफल परिचालन किया, जबकि इंडिगो की कोलकाता से आने वाली फ्लाइट लगभग एक घंटा से भी अधिक लेट दरभंगा एयरपोर्ट पहुंची.
