मुंबई. बॉलीवुड एक्टर अरशद वारसी और जितेंद्र कुमार पहली बार एक फिल्म में साथ दिखाई देंगे. इस फिल्म का नाम है ‘भागवत’. यह एक क्राइम थ्रिलर मूवी होगी जिसमें वह एक दूसरे से भिड़ते दिखाई देंगे. फिल्म ‘भागवत’ का पहला पोस्टर शनिवार को जारी किया गया. इसे शेयर करते हुए ज़ी5 ने सोशल मीडिया पर लिखा, “और हमें लगा था कि 2025 के सारे ट्विस्ट खत्म हो गए हैं, लेकिन सबसे बड़ा ट्विस्ट आ गया है, भागवत आपके होश उड़ा देने आ रही है. सच्ची घटनाओं से प्रेरित. जल्द होगी रिलीज.”यह फिल्म सस्पेंस और जबरदस्त ड्रामा से भरपूर होगी. इसमें इंस्पेक्टर विश्वास भागवत (अरशद वारसी) की कहानी है, जो एक गुमशुदा महिला की तलाश के केस की जांच करता है. लेकिन यह जांच जल्द ही धोखे, रहस्यों और संभावित तस्करी के एक अंधेरे और पेचीदा जाल में उलझ जाती है. इस सीरीज में जितेंद्र कुमार एक प्रोफेसर के रोल में दिखाई देंगे. बताया जा रहा है कि इस फिल्म की कहानी एक सच्ची घटना से प्रेरित है.
