नई दिल्ली. एशिया कप 2025 में अफगानिस्तान को बड़ा झटका लगा है. टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज़ नवीन-उल-हक चोटिल होने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह रिजर्व खिलाड़ी अब्दुल्ला अहमदजई को मुख्य टीम में शामिल किया गया है. अहमदजई हाल ही में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर चुके हैं और अब एशिया कप में बड़ी जिम्मेदारी निभाने का मौका पाएंगे. नवीन वही खिलाड़ी हैं जिनका आईपीएल में विराट कोहली से पंगा हो चुका है. हालांकि बाद में दोनों क्रिकेटर्स में दोस्ती हो गई थी.अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने बयान जारी कर बताया कि नवीन अभी तक अपने कंधे की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं. हालांकि उन्हें शुरुआती स्क्वॉड में रखा गया था, लेकिन फिटनेस टेस्ट में पास न होने के चलते टीम मैनेजमेंट ने यह फैसला लिया. एसीबी ने कहा कि नवीन घर लौटकर रिहैब और ट्रीटमेंट जारी रखेंगे. बोर्ड ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है और अब्दुल्ला को आगे के मैचों के लिए शुभकामनाएं दी हैं.विराट कोहली संग विवाद से सुर्खियों में आए थे नवीननवीन-उल-हक का नाम सिर्फ उनकी गेंदबाजी से ही नहीं बल्कि आईपीएल 2023 में हुए विवाद की वजह से भी चर्चा में आया था. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले में उनका सामना विराट कोहली से हो गया था. मैदान पर दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई थी कि मैच के बाद भी तनातनी जारी रही. सोशल मीडिया पर नवीन ने इशारों-इशारों में कोहली पर तंज कसते हुए कई पोस्ट किए थे. उस समय यह विवाद क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी सुर्खियों में रहा और नवीन रातोंरात सुर्खियों में छा गए थे.
