IAS Couple: कुछ आईएएस जोड़ियां प्रशासनिक गलियारों से निकलकर सोशल मीडिया पर भी खास जगह बना चुकी हैं. आईएएस अंजलि गर्ग और आईएएस द्विज गोयल की जोड़ी भी कुछ ऐसी ही है. इनकी रोके की तस्वीर काफी पसंद की जा रही है.
नई दिल्ली (IAS Couple). आईएएस अफसरों को मैरिज ग्राउंड्स यानी अन्य कैडर के अफसर से शादी करने पर ट्रांसफर मिल जाता है. सितंबर 2025 में आईएएस द्विज गोयल को भी मैरिज ग्राउंड के आधार पर त्रिपुरा से हिमाचल प्रदेश कैडर में ट्रांसफर मिल गया. 2023 बैच के आईएएस द्विज गोयल ने इसी बैच की आईएएस अंजलि गर्ग से शादी का फैसला लिया है. डॉ. अंजलि गर्ग हिमाचल प्रदेश कैडर की आईएएस अफसर हैं. इन दोनों ने सितंबर में ही अपने रोके की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की थी.
डॉ. अंजलि गर्ग चंडीगढ़ की रहने वाली हैं. वहीं, आईएएस द्विज गोयल का नाता यूपी के मेरठ और एमपी के भोपाल से रहा. एक ने एमबीबीएस करके डॉक्टर बनने का सपना साकार किया तो दूसरा बीटेक की डिग्री लेकर इंजीनियर बन गया. फिर दोनों ने अपने प्रोफेशन को एक खूबसूरत मोड़ दिया और यूपीएससी परीक्षा की तैयारी में जुट गए. जहां डॉ. अंजलि गर्ग दूसरे अटेंप्ट में आईएएस अफसर बन गईं, वहीं द्विज गोयल को इस मामले में थोड़े पापड़ बेलने पड़े. हालांकि इनकी प्रेम कहानी सुनकर आप कह सकते हैं- अंत भला तो सब भला.2023 बैच की अफसर जोड़ीडॉ. अंजलि गर्ग ने यूपीएससी सीएसई 2022 परीक्षा में 79वीं रैंक हासिल की थी. वह इस बैच की मेडिकल साइंस टॉपर थीं. उनके मंगेतर आईएएस द्विज गोयल ने भी इसी साल यूपीएससी परीक्षा पास की थी. यह उनका तीसरा अटेंप्ट था. उनकी रैंक 71 थी. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो डॉ. अंजलि गर्ग और द्विज गोयल की मुलाकात मसूरी स्थित LBSNAA में आईएएस ट्रेनिंग के दौरान हुई होगी. 2 सालों में रिश्ता गहरा होने पर दोनों ने अपने साथ को मजबूती देने के लिए शादी का फैसला लिया.
