Madvi Hidma Encounter Latest News: माड़वी हिडमा के मारे जाने से सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. 26 से अधिक हमलों के मास्टरमाइंड हिडमा को खुफिया इनपुट के बाद ग्रेहाउंड फोर्स ने चार घंटे की कार्रवाई में ढेर किया. दंडकारण्य के जंगल, स्थानीय नेटवर्क और लगातार कैंप बदलने की रणनीति उसे वर्षों तक पकड़ से दूर रखती थी.
नई दिल्ली. देश के सबसे खतरनाक और रहस्यमयी नक्सली कमांडरों में गिने जाने वाले माड़वी हिडमा के मारे जाने के साथ सुरक्षा एजेंसियों ने एक दशक पुरानी चुनौती पर निर्णायक प्रहार कर दिया. 50 लाख से 1 करोड़ की इनामी रकम वाले हिडमा पर पिछले दस वर्षों में पुलिस व केंद्रीय बलों पर 26 से ज्यादा हमलों की योजना बनाने का आरोप था. बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा से लेकर मलकानगिरी तक फैले नक्सली कॉरिडोर में वह कई भीषण हमलों का मास्टरमाइंड था. खुफिया एजेंसियों और स्थानीय सूत्रों की मदद से करीब 34 घंटे की निगरानी के बाद सुरक्षा बलों ने उसकी गतिविधियों का सटीक इनपुट जुटाया. इसके बाद केंद्रीय बलों ने कई परतों वाला एक घेरा बनाया. एक छोटी टीम आगे पहुंची. करीब चार घंटे की कार्रवाई में हिडमा और उसकी पत्नी समेत छह नक्सली ढेर कर दिया गया.
