Bihar Politics News : बिहार की राजधानी पटना का 10 सर्कुलर रोड… यह कोई साधारण पता नहीं है यह पूर्व मुख्यमंत्री रबड़ी देवी का सरकारी आवास है. यह वह जगह है जहां लालू यादव परिवार की राजनीति रचती, बसती और चलती रही है. 2006 से यहीं कई रणनीतियां बनीं, यहीं विरोध खड़े हुए और कई बार तो बिहार की सत्ता का गणित भी बदल गया. अब वही बंगला चर्चा में है, क्योंकि 25 नवंबर को नीतीश सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को इसे खाली करने का नोटिस भेज दिया. लेकिन, इसके साथ ही 2022 की वो कहानी भी स्मरण में आ गई जब यहां हुई हलचल ने बिहार की सियासत बदल दी थी.
पटना. बिहार की राजधानी के दिल में बसा 10 सर्कुलर रोड का बंगला आजकल सुर्खियों में है. 25 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का नोटिस मिला है. नीतीश सरकार की ओर से जारी इस आदेश ने बिहार में राजनीतिक हलचल मचा दी है. यहां राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने साफ कह दिया-हम नहीं हटेंगे. लेकिन, यह सिर्फ एक बंगले की बात नहीं. यह बंगला लालू प्रसाद यादव परिवार की राजनीतिक जड़ों का प्रतीक है. यहीं से बिहार की सत्ता के उलटफेर रचे गए और अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 1 अणे मार्ग वाले आवास से इसकी दूरी 300 मीटर से बढ़कर 800 मीटर हो गई है. मतलब 500 मीटर का फासला. सड़क का तो है ही, राजनीतिक रिश्तों का भी.
