गाजियाबाद. गाजियाबाद पुलिस विभाग में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. थाना साहिबाबाद क्षेत्र की सीमापुरी चौकी प्रभारी आशीष जादौन और तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है. आरोप है कि ये पुलिसकर्मी एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अपराधी का जन्मदिन मना रहे थे. जब इसका वीडियो सामने आया तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने तुरंत संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी आशीष जादौन के साथ सिपाही अमित, योगेश और ज्ञानेंद्र को सस्पेंड करने का आदेश जारी किया.हिस्ट्रीशीटर के साथ जश्नजानकारी के अनुसार, थाना साहिबाबाद इलाके में तैनात चौकी प्रभारी और तीनों सिपाही सीमापुरी क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए थे. इस दौरान डांस करते हुए तस्वीरें और वीडियो भी बनाए गए. सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में पुलिसकर्मी हिस्ट्रीशीटर के साथ जश्न मनाते दिखाई दे रहे थे.वीडियो वायरल होते ही कार्रवाईवीडियो सामने आते ही पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया. वरिष्ठ अधिकारियों ने जब इसकी जांच की तो मामला सही पाया गया. इसके बाद डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी समेत तीनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह का आचरण पुलिस की छवि को धूमिल करता है और अपराधियों को संरक्षण देने का संदेश देता है.
