टैरिफ की वजह से दूर गए दोस्तों को मनाने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जुट गए हैं. पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की थी. उन्हें सबसे अच्छा दोस्त बताया था. भारत से सबसे अच्छे रिश्ते की बात कही थी. अब ट्रंप पीएम मोदी के दोस्त और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से हाथ मिलाने जा रहे हैं. टैरिफ की वजह से दोनों देशों के बीच जबरदस्त तनाव है. लूला ने तो यहां तक कह डाला था कि ‘मैं ट्रंप से क्यों बात करूं, मैं मोदी से बात करूंगा, जिनपिंग से बात करूंगा.’यूएन जनरल असेंबली में भाषण के दौरान ट्रंप ने कहा, ब्राजील पर अमेरिकी प्रशासन ने जो टैरिफ लगाया है, वह इस देश के अमेरिकियों के अधिकारों में दखल देने के अभूतपूर्व प्रयासों का जवाब है. भाषण से पहले जब मैं हॉल में प्रवेश कर रहा था, तो मेरी मुलाकात ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से हुई. हमने एक-दूसरे को गले लगाया और मैंने लूला से कहा, क्या आप यकीन कर सकते हैं कि मैं दो मिनट में यही बात कहने वाला हूं? ट्रंप ने यह भी जोड़ा कि दोनों नेताओं की अगले हफ्ते मुलाकात की योजना बनी है.
