पटना. वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्द के इस्तेमाल को लेकर आज एनडीए का बिहार बंद था. बीजेपी और एनडीए के नेता इस बात पर अड़े हैं कि जब तक राहुल गांधी माफी नहीं मांगते हैं, तब तक उनका विरोध चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा. वोटर अधिकार यात्रा में तेजस्वी यादव भी मौजूद थे. लेकिन, विधानसभा चुनाव में नुकसान से बचने के लिए तेजस्वी यादव ने कहा कि मां तो मां होती है. ऐसे में सवाल उठता है, क्या तेजस्वी यादव डर गए हैं और बैकफुट पर आ गए हैं?महागठबंधन के मंच से वोटर अधिकार यात्रा के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द के इस्तेमाल को लेकर आज सुबह 7 बजे से 12 बजे तक बिहार बंद था. इस बिहार बंद का असर सुबह से ही दिखने लगा था. सुबह खुलने वाली दुकानों पर 12 बजे तक ताले लटक रहे थे और शहर के स्कूल-कॉलेज स्वतः बंद थे. एनडीए के कार्यकर्ताओं के सड़क पर उतरने से इस बंदी का बड़ा असर देखने को मिला. इस दौरान बंद समर्थकों ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की खूब आलोचना की.
