समस्तीपुर : मुख्यमंत्री एवं नगर विकास एवं आवास विभाग सफाई मित्रों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लें : वार्ड पार्षद रूबी कुमारी

समस्तीपुर नगर निगम के वार्ड संख्या–33 की वार्ड पार्षद रूबी कुमारी ने बिहार के माननीय मुख्यमंत्री एवं नगर विकास एवं आवास विभाग से राज्यभर में हड़ताल पर बैठे सफाई मित्रों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक पहल करने की अपील की है।

पार्षद रूबी कुमारी ने कहा कि सफाई मित्र शहरों और नगर निकायों की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए वे समाज को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वर्तमान हड़ताल के कारण कई नगर निकायों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिसका सीधा असर आम जनता के स्वास्थ्य एवं जनजीवन पर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार और नगर विकास एवं आवास विभाग को सफाई मित्रों के प्रतिनिधियों के साथ अविलंब सम्मानजनक एवं सार्थक वार्ता कर उनकी न्यायोचित मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। बातचीत के माध्यम से शीघ्र समाधान निकालना जनहित और स्वच्छता व्यवस्था दोनों के लिए आवश्यक है।

वार्ड पार्षद रूबी कुमारी ने मुख्यमंत्री एवं नगर विकास एवं आवास विभाग से आग्रह किया कि सफाई मित्रों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान कर शीघ्र उचित निर्णय लिया जाए, ताकि हड़ताल समाप्त हो, सफाई मित्र सम्मानपूर्वक अपने कार्य पर लौटें और पूरे बिहार में स्वच्छता व्यवस्था पुनः सामान्य रूप से संचालित हो सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस महत्वपूर्ण विषय पर त्वरित एवं सकारात्मक निर्णय लेगी।

रिपोर्ट : बिहार हेड संतोष कुमार ठाकुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!