गृहमंत्री अमित शाह ने एक इंटरव्यू में जस्टिस आफताब आलम का जिक्र किया. अमित शाह ने कहा, ‘आमतौर पर बेल एप्लीकेशन 11 दिन में निपट जाती है, लेकिन मेरी जमानत याचिका जस्टिस आफताब आलम की कृपा से दो साल तक लटकी रही.’ इस बयान के बाद लोग जस्टिस आफताब आलम के बारे में सर्च कर रहे हैं, उनके बारे में जानना चाहते हैं. तो बता दें कि जस्टिस आलम का बिहार से खास कनेक्शन है और इन्हीं के कार्यकाल में सोहराबुद्दीन एनकाउंटर केस और अमित शाह की बेल पर सुनवाई को लेकर खूब चर्चा हुई थी.सोहराबुद्दीन एनकाउंटर केसजुलाई 2010 में अमित शाह की गिरफ्तारी सोहराबुद्दीन एनकाउंटर मामले में हुई थी. शाह पर आरोप लगाया गया कि वे गुजरात के गृह राज्यमंत्री रहते हुए एनकाउंटर और साक्ष्य मिटाने की साजिश में शामिल थे. शाह ने गिरफ्तारी से पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया. गिरफ्तारी के बाद अमित शाह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया और फिर तीन महीने बाद जमानत मिल गई. लेकिन सितंबर 2012 तक उन्हें गुजरात से बाहर रहने को कहा गया.
