गोपालगंज. “क्या पता… मौत का कब पैगाम आ जाये. मेरे जिंदगी का आखिरी शाम आ जाये. मैं ढूंढता हूं ऐसा मौका, ऐ गोपालगंज के वासियों कब काली की ज़िंदगी आपके काम आ जाये…” यह आखिरी पैगाम उस बाहुबली नेता का है, जो 80 के दशक में उत्तर भारत की सियासत में अपने दबदबे के लिए जाने जाते थे. हम बात कर रहे हैं पूर्व सांसद काली प्रसाद पांडेय की जो आज हम सब के बीच नहीं रहें. शुक्रवार देर शाम दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका निधन हो गया.
जेल से संसद तक का सफर
गोपालगंज जिले के कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र के रमजीता गांव में जन्मे काली प्रसाद पांडेय का राजनीतिक जीवन किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था. वर्ष 1980 से 1984 तक वह बिहार विधानसभा के सदस्य रहे. 1984 का लोकसभा चुनाव उन्होंने उस वक्त लड़ा, जब वह जेल में थे.उस समय देशभर में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कांग्रेस लहर चल रही थी. लेकिन इसी लहर के बीच निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में काली पांडेय ने बड़ी जीत हासिल की और सीधे संसद पहुंच गए. उन दिनों उनके समर्थकों का नारा बहुत मशहूर हुआ था— “जेल का फाटक टूटेगा, काली पांडेय छूटेगा.” यही नारा उस दौर की राजनीति का प्रतीक बन गया और उनके व्यक्तित्व में एक अलग किस्म का आकर्षण जोड़ गया.बाहुबली छवि और फिल्मी किरदार
काली पांडेय का नाम राजनीति से ज्यादा उनकी बाहुबली छवि के लिए चर्चित रहा. 80 और 90 के दशक में उन्हें बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत का सबसे बड़ा बाहुबली माना जाता था. यहां तक कि उनकी छवि इतनी चर्चित हुई कि 1987 में आई निर्देशक एन. चंद्रा की फिल्म “प्रतिघात” के खलनायक “काली प्रसाद” का किरदार उन्हीं से प्रेरित बताया गया. हालांकि, यह दावा कभी पुख्ता तौर पर साबित नहीं हो पाया, लेकिन गोपालगंज और आसपास के इलाकों के लोग यही मानते रहे कि यह किरदार काली पांडेय की वास्तविक छवि का ही सिनेमाई रूपांतरण था. उन्होंने न्यूज-18 इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में इसका जिक्र भी किया था.काली पांडेय का राजनीतिक सफर कई उतार-चढ़ावों से गुजरा. निर्दलीय जीत के बाद वह कांग्रेस में शामिल हुए. कांग्रेस छोड़कर लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी से जुड़े और फिर दिवंगत रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) का हिस्सा बने. एलजेपी में रहते हुए भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया. हालांकि कुछ समय बाद उन्होंने दोबारा कांग्रेस का दामन थाम लिया. आखिरी चुनाव 2020 का विधानसभा चुनाव उन्होंने लड़ा, लेकिन उसके बाद सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली.
काली पांडे का विवादों से रहा गहरा नाता
काली पांडेय का नाम कई विवादों से भी जुड़ा रहा. 1989 में पटना जंक्शन पर नगीना राय पर बम से हुए हमले में उनका नाम उछला. कई और गंभीर आरोप भी लगे, लेकिन अदालत में कोई भी आरोप साबित नहीं हो सका. इसके बावजूद उनकी साख और राजनीतिक पकड़ बनी रही. बिहार की सियासत के जानकार कहते हैं कि 80-90 के दशक में वह तमाम बाहुबलियों के ‘गुरु’ माने जाते थे.
