UP Politics: वोट चोरी पर रखेंगे नजर, फर्जी मुकदमों से भी बचाएंगे… यूपी की सभी तहसीलों पर तैनात होंगे कांग्रेस के ‘न्याय योद्धा’

लखनऊ. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए योगी सरकार और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि पार्टी यूपी की सभी तहसीलों पर ‘न्याय योद्धा’ की तैनाती करेगी. कांग्रेस के ये न्याय योद्धा पार्टी कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और आम नागरिकों को फर्जी मुकदमों से बचाने और वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों को उजागर करने के लिए कानूनी सहायता प्रदान करेंगे.

अजय राय ने बताया कि 23 अगस्त को कांग्रेस की लीगल सेल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे भी मौजूद रहेंगे. इस बैठक में ‘न्याय योद्धा’ अभियान की रूपरेखा तैयार की जाएगी. उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी उत्तर प्रदेश के सभी 360 तहसीलों में ‘न्याय योद्धा’ नियुक्त करेगी, जो सरकारी तानाशाही और फर्जी मुकदमों से पीड़ित लोगों को कानूनी सहायता प्रदान करेंगे.”अजय राय ने जोर देकर कहा कि यह अभियान न केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं, बल्कि पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को भी न्याय दिलाने के लिए काम करेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार सच बोलने वालों और सरकारी नीतियों का विरोध करने वालों को फर्जी मुकदमों में फंसाकर परेशान कर रही है.
वोट चोरी का गंभीर आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वाराणसी लोकसभा चुनाव में वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में शुरुआती सात राउंड की गिनती तक नरेंद्र मोदी हार रहे थे, लेकिन इसके बाद चुनाव आयोग ने अचानक अपनी वेबसाइट बंद कर दी. राय ने कहा, “सभी मीडियाकर्मियों को बाहर कर दिया गया और शाम 4 बजे अचानक घोषणा की गई कि नरेंद्र मोदी डेढ़ लाख वोटों से जीत गए. यह स्पष्ट रूप से वोट चोरी का मामला है.”

वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे न्याय योद्धा

उन्होंने कहा कि ‘न्याय योद्धा’ इस तरह की कथित वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे और वोटर लिस्ट में हो रही गड़बड़ियों को उजागर करेंगे. राय ने यह भी वादा किया कि उनकी टीम फर्जी तरीके से वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों को दोबारा शामिल कराने के लिए काम करेगी.

आगरा प्रदर्शन और फर्जी मुकदमों का मुद्दा

अजय राय ने आगरा में हुए एक प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार के आवास के सामने प्रदर्शन किया था, जिसमें ‘वोट चोर, आगरा छोड़’ जैसे नारे लगाए गए थे. इस प्रदर्शन के बाद, प्रदर्शनकारियों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए. राय ने कहा, “हम आगरा के कांग्रेसजनों को भी न्याय दिलाने के लिए काम करेंगे. ‘न्याय योद्धा’ इन फर्जी मुकदमों के खिलाफ कोर्ट में पीड़ितों की लड़ाई लड़ेंगे.”

सरकार पर तीखा हमला

अजय राय ने योगी सरकार पर आरोप लगाया कि वह विपक्षी नेताओं, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को दबाने के लिए फर्जी मुकदमों का सहारा ले रही है. उन्होंने कहा, “यह सरकार सच को दबाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस चुप नहीं रहेगी. हम सड़क से लेकर कोर्ट तक हर स्तर पर अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!