नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से अपने भाषण में घोषणा की कि इस दिवाली सरकार देशवासियों को ‘दिवाली गिफ्ट’ देगी. पीएम मोदी ने कहा, “हमने राज्यों के साथ चर्चा की है और दिवाली तक अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार लाएंगे, जो नागरिकों के लिए दिवाली गिफ्ट होगा. आम आदमी द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली वस्तुओं पर टैक्स में काफी कमी आएगी. इससे एमएसएमई को भी बड़ा फायदा होगा और दैनिक उपयोग की चीजें सस्ती होंगी, जिससे हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत होगी.” प्रधानमंत्री में जीएसटी रेट कम करने का संकेत देने के साथ ही अब हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि इस दिवाली तक कौन-कौन सी चीजें सस्ती हो जाएंगी.पीटीआई की एक रिपोर्ट में सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि केंद्र सरकार मौजूदा 12% और 28% वाले जीएसटी स्लैब को खत्म कर केवल 5% और 18% जीएसटी स्लैब ही रख सकती है. 28% टैक्स स्लैब में आने वाले 90% सामान पर टैक्स घटाकर 18% करने का प्लान है और 12% स्लैब में शामिल वस्तुओं को 5% स्लैब में लाने पर विचार हो रहा है. इसके अलावा सरकार 40% का नया स्लैब भी ला सकती है, जिसमें तंबाकू, पान मसाला और अन्य लग्जरी आइटम शामिल होंगे.
