मेरे पति के हत्यारे को मिट्टी में मिलाने का… जब भरी विधानसभा में सपा विधायक ने कर दी सीएम योगी की तारीफ

लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा पिछले 18 घंटे से चल रहा है. इस दौरान कई अलग-अलग तस्वीर देखने को मिली. एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी के दो विधायक आपस में ही भिड़ गए तो वहीं दूसरी तरफ सपा विधायक ने योगी सरकार की तारीफ की है. जिस सपा विधायक ने सीएम योगी की तारीफों के पूल बांधे हैं, वो प्रयागराज की विधायक पूजा पाल हैं. ये वही पूजा पाल हैं, जिनके पति राजू पाल की दिनदहाड़े अतीक अहमद और उसके गुर्गों ने हत्या कर दी थी. सपा विधायक पूजा पाल ने सूबे में बेहतर कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार की तारीफ की. प्रयागराज से विधायक पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के न्याय की प्रशंसा की है.पूजा पाल ने कहा, ‘मेरे पति के हत्यारे अतीक अहमद को मिट्टी में मिलाने का काम किया. यही है योगी जी की ज़ीरो टॉलरेंस अगेंस्ट क्राइम की पॉलिसी.’ पूजा पाल ने कहा की बहुत ही कम उम्र में शादी के 9वें दिन मेरे पति की हत्या की गई थी. प्रयागराज में जो कोई भी नहीं सोचता था, वो हुआ. मैं बहुत ग़रीब परिवार से आती हूं. लेकिन वहां की जनता ने अपना पैसा लगाकर मुझे चुनाव लड़ाया और जिताया. मैं अकेली माफिया अतीक अहमद से लड़ी थी, मैं अन्याय के खिलाफ़ लड़ाई लड़ी. हनुमान जी को मानने वाले हमारे प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने मेरे साथ इंसाफ किया और न्याय दिलाया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!