Trump Tariff News: अमेरिका ने भारत के खिलाफ टैरिफ वॉर का शंखनाद कर दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 फीसदी एक्स्ट्रा टैरिफ लगाया है. इसका मतलब है कि अब भारत पर कुल 50 फीसदी टैरिफ लग गया. डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ वाले आदेश पर दस्तखत भी कर दिए हैं. यह टैरिफ 27 अगस्त से लागू होगा. जबकि पहला 25 फीसदी वाला टैरिफ 7 अगस्त से लागू होगा. डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि रूसी तेल खरीदने की वजह से भारत पर अमेरिका ने 25 फीसदी एक्स्ट्रा टैरिफ लगाया है. अमेरिका के इस कदम पर भारत ने भी करारा जवाब दिया है. भारत ने साफ कह दिया कि अमेरिका का यह कदम अनुचित, अन्यायपूर्ण और तर्कहीन है. अब सवाल है कि आखिर डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर कुल 50 फीसदी टैरिफ बम क्यों फोड़ा, आखिर उनकी क्या मजबूरी है, इसका भारत पर क्या असर होगा और अब भारत का अगला कदम क्या होगा? चलिए इसे विस्तार से समझते हैं.सबसे पहले जानते हैं कि अमेरिका ने अभी क्या किया है. डोनाल्ड ट्रंप चाहते हैं कि भारत अपने दोस्त रूस से यारी खत्म करे. उससे तेल न खरीदे. इसके लिए अमेरिका ने प्रेशर पॉलिटिक्स का सहारा लिया है. यही वजह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत से होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लगाने का आदेश जारी किया. इस फैसले के पीछे भारत की ओर से रूस से तेल खरीद जारी रखना बताया गया है. वाइट हाउस का कहना है कि यह कदम यूक्रेन युद्ध के चलते रूस पर लगाए गए प्रतिबंधों को और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया है.
