नई दिल्ली. ‘पंचायत’ सीरीज के दामाद जी यानी आसिफ खान पिछले महीने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती हुए थे. पहले यह रिपोर्ट सामने आई थी कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है, लेकिन बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें गैस्ट्रोइसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज हुआ था, जिसके कारण उन्हें हार्ट अटैक जैसे लक्षण महसूस हुए. अब आसिफ ने बताया कि उन्होंने स्मोकिंग छोड़ दी है और पिछले 21 दिनों से उन्होंने एक भी सिगरेट नहीं पी है.आसिफ खान ने इंस्टाग्राम हैंडल पर अस्पताल से कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं, जिससे फैंस को यह शक हुआ कि क्या वह अभी भी अस्पताल में हैं. हालांकि, एक्टर ने स्पष्ट किया कि वह घर लौट चुके हैं और साथ ही अपनी हेल्थ को लेकर अपडेट देते हुए कहा कि अब वह काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं और पहले से ज्यादा मजबूत हैं.रविवार को आसिफ खान ने अस्पताल से तस्वीरों की एक सीरीज शेयर की. उन्होंने लिखा, ‘लोग कहते हैं कि 21 दिन में हर अच्छी-बुरी आदत छूट जाती है. आज मुझे सिगरेट छोड़े हुए 21 दिन हो गए हैं. आज फ्रेंडशिप डे है, तो मुझे लगा इससे बेहतर दिन क्या हो सकता है ये बताने के लिए कि मैं अपने दोस्तों से कितना प्यार करता हूं. जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन चढ़ाव में आपके साथ एक हुजूम चलता है, लोगों का सैलाब भीड़. लेकिन उतार में जो साथ रहे, उन सबको हैप्पी फ्रेंडशिप डे.
