Nishant Kumar Political launch News: नीतीश कुमार को जो लोग जानते-समझते हैं, उनका कहना है कि अगर अभी तक उन्होंने बेटे निशांत कुमार के लिए राजनीति में आने की राह नहीं बनाई तो उनके सक्रिय रहते यह संभव भी नहीं होगा. यह तभी संभव है, जब नीतीश सक्रिय राजनीति से रिटायरमेंट ले लें. पर, यह कब संभव होगा, अनुमान के अलावा किसी के लिए कहना मुश्किल है.
बिहार के 10वीं बार सीएम बने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की चर्चा साल भर से चल रही है. पालिटिक्स में उनकी ग्रैंड एंट्री की भी चर्चा होती रही है. कोई कहता है कि उन्हें पहले जेडीयू संगठन का काम सौंपा जा सकता है तो कुछ यह कह रहे कि वे सीधे सरकार में शामिल होंगे. दोनों ही स्थितियों में उनकी भूमिका क्या होगी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है. हालांकि राजनीति की साया से अब तक दूर रहने वाले निशांत ने अचानक जिस तरह राजनीतिक चर्चाओं में शामिल होना शुरू किया है, उससे ही इस बात के कयास लगाए जाते रहे हैं कि वे अब पालिटिक्स में आने का मन बना रहे हैं.
