नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गाजियाबाद जिले में 15 ऐसी सड़कों की पहचान की गई है, जिन पर सबसे ज्यादा हादसे होते हैं. ट्रैफिक पुलिस और सेव लाइफ फाउंडेशन एनजीओ ने अपनी साझा रिपोर्ट में खुलासा किया है कि महज 3 साल के आंकड़े ही भयावह तस्वीर पेश करते हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि इन 15 सड़कों पर पूरे शहर में होने वाले कुल हादसों का 50 फीसदी एक्सीडेंट होता है. इसमें एक सड़क तो ऐसी है जिसे सबसे ज्यादा खतरनाक बताया जा रहा है, क्योंकि इस सड़क पर बीते 3 साल में सबसे ज्यादा मौते हुई हैं.ट्रैफिक पुलिस और एनजीओ की संयुक्त रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, मेरठ रोड और जीटी रोड जैसी सड़कें हादसे के लिहाज से सबसे खतरनाक साबित हुई हैं. जनवरी, 2022 से अप्रैल 2025 के बीच जुटाए आंकड़ों पर तैयार इस रिपोर्ट में कहा गया है कि इस दौरान इन 15 सड़कों पर करीब 1,163 हादसे हुए हैं. इन हादसों में 1,219 लोगों की जान गई, जबकि 305 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. 71 लोगों को हादसों में मामूली चोट लगी.
