भारत जीत का दावेदार, पिच में अब भी गेंदबाजों को मदद… इंग्लैंड के दिग्गज को सता रहा हार का डर

नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा पांचवां टेस्ट ऐसे मकाम पर खड़ा हैं जहां से दोनों टीमें जीत की उम्मीद कर रही हैं. भारत को जीत के लिए चार विकेट (प्रैक्टिकली तीन) चाहिए क्योंकि क्रिस वोक्स चोटिल हैं. उन्होंने पहले दिन चोट लगने के बाद ना तो बॉलिंग की और ना ही बैटिंग की है. इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रन चाहिए. कीपर बैटर जैमी स्मिथ और जैमी ओवर्टन (स्पेशलिस्ट बॉलर) क्रीज पर हैं. यानी इंग्लैंड की टेल क्रीज पर आ चुकी है. शायद यही कारण है कि इंग्लैंड के दिग्गज स्टुअर्ट ब्रॉड अपने देश की बजाय भारत को जीत का दावेदार मानते हैं.भारत और इंग्लैंड के बीच ओवल में खेला जा रहा पांचवां टेस्ट बेहद रोमांचक अंदाज में आगे बढ़ रहा है. मैच की पहली पारी में भारत ने 224 रन बनाए. इंग्लैंड ने इसका जवाब 247 रन बनाकर दिया. इसके बाद भारत ने 396 रन का विशाल स्कोर बना दिया. इस तरह इंग्लैंड को जीत के लिए 374 रन का लक्ष्य मिला. इंग्लैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 106 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे. तब उसकी हार तय दिख रही थी. इसके बाद हैरी ब्रूक (111) और जो रूट (105) ने 195 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड को 300 के पार पहुंचा दिया. जब भारत हार की ओर बढ़ता दिख रहा था तब गेंदबाजों ने वापसी करा दी. आकाश दीप ने हैरी ब्रूक और प्रसिद्ध कृष्णा ने जो रूट और जैकब बेथल को आउट कर इंग्लैंड का स्कोर 6 विकेट पर 337 रन कर दिया. जब दिन का खेल रुका तब इंग्लैंड का स्कोर 6 विकेट पर 339 रन था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!