दिल्ली के करोल बाग में रील शूट कर रहे एक युवक पर बीयर की बोतल से जानलेवा हमला हुआ. हमलावरों ने युवक के सिर पर टूटी हुई बोतल से वार किया और फरार हो गए. दिल्ली पुलिस ने इस ब्लाइंड केस को सुलझाने के लिए एक अनोखा रास्ता चुना. मौके पर मिली टूटी बोतल के ‘बारकोड’ को स्कैन कर पुलिस उस ठेके तक पहुंची जहां से शराब खरीदी गई थी. सीसीटीवी और फॉरेंसिक सबूतों की मदद से तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया है. यह कहानी पुलिस की आधुनिक जांच और तकनीक के मेल का शानदार उदाहरण है
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की जांच का एक ऐसा मामला सामने आया है, जो किसी जासूसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं है. करोल बाग के अजमल खान पार्क में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी को सुलझाने के लिए दिल्ली पुलिस ने किसी चश्मदीद का इंतजार नहीं किया, बल्कि मौके पर पड़ी ‘बीयर की एक टूटी हुई बोतल’ को ही अपना सबसे बड़ा सुराग बना लिया. इस बोतल पर लगे एक छोटे से बारकोड की मदद से पुलिस ने न केवल हमलावरों की पहचान की, बल्कि उन्हें सलाखों के पीछे भी पहुंचा दिया. दिल्ली पुलिस ने 72 घंटे के अंदर एक शख्स पर हमला करने के आरोप में रिजवान, कामरान और फरजान को गिरफ्तार कर लिया है
