Stock Market Today : गिफ्ट निफ्टी में तेजी, रिकार्ड ऊंचाई पर निक्केई, क्या आज सेंसेक्‍स-निफ्टी में भी भरेंगे उड़ान

नई दिल्‍ली. इस सप्‍ताह शेयर बाजार हिचकोले खा रहा है. सोमवार को बाजार में जहां बढ़त रही, वहीं मंगलवार को यह गिर गया. आज 13 अगस्‍त को बाजार की शुरुआत सकारात्‍मक रह सकती है. गिफ्ट निफ्टी और एशियाई बाजारों से मिल रहे संकेत इस और इशारा कर रहे हैं. बुधवार सुबह GIFT निफ्टी 0.52% की मजबूती के साथ 24,629.50 पर ट्रेड कर रहा है. एशियाई बाजार भी आज हरे निशान पर खुले हैं. बाजार की धारणा पर मैक्रोइकॉनॉमिक डेटा और कमोडिटी प्राइस ट्रेंड का असर देखने को मिल सकता है. बैंकिंग, एफएमसीजी और आईटी सेक्टर के शेयरों में निवेशकों की ज्‍यादा दिलचस्‍पी रह सकती है.कल यानी 12 अगस्त को घरेलू बाजार ने उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद कमजोरी के साथ क्लोजिंग दी. प्रमुख बैंकिंग शेयरों में दबाव के चलते सेंसेक्स 368 अंक गिरकर 80,235 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 98 अंक फिसलकर 24,487 के स्तर पर आ गया. 12 अगस्त को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय इक्विटी से 3,399 करोड़ रुपये निकाले, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 3,508 करोड़ रुपये की खरीदारी की. पिछले पांच कारोबारी सत्रों में सेंसेक्‍स 0.53 फीसदी टूटा है तो एक महीने में यह 2.45 फीसदी गिरा है.बुधवार को एशियाई बाजार हरे निशान पर खुले. जापान का निक्केई 225 सूचकांक मंगलवार के रिकॉर्ड स्तर के बाद 1% चढ़ा, जबकि टॉपिक्स इंडेक्स में 0.72% की तेजी दिखी. दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 1.07% और कोसडैक में 0.88% की मजबूती रही. ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 भी 0.29% ऊपर ट्रेड कर रहा है.मंगलवार को अमेरिकी बाजारों ने नई ऊंचाइयों को छुआ. अपेक्षा से नरम महंगाई के आंकड़ों ने अगले महीने फेडरल रिजर्व द्वारा रेट कट की उम्मीद को मजबूत किया. S&P 500 में 1.13% की बढ़त के साथ यह 6,445.76 पर बंद हुआ. नैस्डैक 1.39% चढ़कर 21,681.90 पर और डाउ जोंस 483 अंक यानी 1.10% बढ़कर 44,458.61 पर बंद हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!