लॉस एंजेलिस : अमेरिका में एक बार फिर से गन कल्चर की वजह से बड़ी घटना सामने आई है. यहां लॉस एंजेलिस के डाउनटाउन इलाके में म्यूजिक फेस्टिवल के बाद आफ्टर-पार्टी चल रही थी. इसी के दौरान हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई जबकि घटना में 6 लोग जख्मी हो गए. ये पार्टी ‘हार्ड समर म्यूजिक फेस्टिवल‘ के बाद रविवार को देर रात एक वेयरहाउस में चल रही थी.गोलीबारी की सूचना पुलिस को सबसे पहले स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब 11 बजे मिली थी. जब पार्टी चल रही थी तभी एक हथियारबंद शख्स बिल्डिंग में घुसा था. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया और एक संदिग्ध को हिरासत में लिया. हालांकि इसके कुछ घंटे बाद हालात बिगड़े, जब उन्हें देर रात करीब 1 बजे दोबारा गोलियां चलने की खबर मिली. इस बार जब पुलिस पहुंची तो एक शख्स की गोली लगने से मौत हो गई थी जबकि कई लोग जख्मी थे. इनमें से एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दियाएसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक गोलीबारी की घटना के बाद कुल 6 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन उनकी हालत के बारे में जानकारी नहीं दी गई है. पुलिस को अभी तक घटना के पीछे की वजह या इसमें शामिल अन्य संदिग्धों के बारे में जानकारी नहीं मिली है. फिलहाल जांच जारी है और अधिकारी इससे जुड़े हुए सुराग पता लगा रहे हैं. लॉस एंजेलिस पुलिस विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास कोई जानकारी हो, तो आगे आएं और जांच में मदद करें.अमेरिका में गन कल्चरअमेरिका में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि इस तरह ओपन फायरिंग की घटना सामने आई हो. पिछले महीने गोलीबारी की कई घटनाएं हुई थीं. 7 जुलाई को एक व्यक्ति ने बाउंडरी स्टेशन पर गोलीबारी की. इसमें एक पुलिस अधिकारी घायल हुआ जबकि संदिग्ध को गोली मारकर ढेर कर दिया गया. 13 जुलाई को Blue Grass Airport के पास फायरिंग हुई. संदिग्ध ने चर्च में जाकर दो महिलाओं की हत्या की और तीन लोग घायल हुए. 28 जुलाई को दो अलग-अलग इलाकों में फायरिंग हुई. इलिनॉयस में एक एल्बम रिलीज पार्टी में गोली चल गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. जबकि इसी दिन मैनहट्टन इलाके में भी एक शख्स ने ओपन फायरिंग की, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली थी.
