पटना. बिहार सरकार ने स्थायी रूप से मुख्य सचिव नियुक्त करने का निर्णय लिया है. इस क्रम में बिहार सरकार ने सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से 4 अगस्त को अधिसूचना जारी कर 1991 बैच के आईएएस अधिकारी प्रत्यय अमृत को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है. वे 1 सितंबर 2025 से अमृत लाल मीणा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे.प्रत्यय अमृत वर्तमान में विकास आयुक्त, बिहार के साथ-साथ अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के रूप में कार्यरत हैं। प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशील नेतृत्व के लिए वे पूरे देश में जाने जाते हैं. उनकी नियुक्ति की घोषणा 1989 बैच के आईएएस और वर्तमान मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा के 31 अगस्त के रिटायरमेंट से 27 दिन पहले कर नीतीश सरकार ने किसी भी तरह की कयासबाजियों और अटकलबाजियों को खत्म कर दिया है.बिहार के विकास का मजबूत स्तंभप्रत्यय अमृत ने अपने 34 साल के करियर में बिहार के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है. कटिहार के डीएम रहते उन्होंने जिला अस्पताल को पब्लिक-प्राइवेट-पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत नया रूप दिया. सिमडेगा में अनुमंडल दंडाधिकारी के रूप में उन्होंने जुआ रैकेट का भंडाफोड़ कर सुशासन की मिसाल कायम की. सड़क, बिजली और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में उनके प्रयासों ने बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.पुल निर्माण निगम का कायापलट2006 में प्रत्यय अमृत बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के पहले आईएएस अध्यक्ष बने. उस समय निगम वित्तीय और प्रबंधकीय संकट से जूझ रहा था. उनके नेतृत्व में निगम ने न केवल वित्तीय स्थिरता हासिल की, बल्कि पूरे राज्य में सड़कों और फ्लाईओवरों का जाल बिछाया. उनके कार्यकाल में बिहार में सड़क संपर्क और ग्रामीण विद्युतीकरण को गति मिली जिसने लाखों लोगों के जीवन को आसान बनाया.
