मुंबई. शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में भाग लेने के लिए छह से आठ अगस्त तक दिल्ली में रहेंगे. पार्टी नेता और राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने रविवार को यह जानकारी दी. राउत ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ठाकरे को बैठक के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया है. उन्होंने कहा कि बैठक में शिवसेना (उबाठा) प्रमुख हिंदी को थोपने जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगेराहुल गांधी महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के दौरान अनियमितताओं का आरोप लगाते रहे हैं और बैठक के दौरान इस मुद्दे के भी उठने की संभावना है. राउत ने संवाददाताओं से कहा, “उद्धव ठाकरे छह से आठ अगस्त तक दिल्ली में रहेंगे. वह वहां सभी मुद्दों पर चर्चा करेंगे. वह ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के लिए वहां मौजूद रहेंगे.” दिल्ली की यात्रा के दौरान ठाकरे के ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) के घटक दलों के सदस्यों से भी मिलने की संभावना है.महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़ी का आरोपराहुल गांधी ने कई मौकों पर महाराष्ट्र चुनाव-2024 में वोटर लिस्ट को लेकर गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं.कांग्रेस नेता ने चुनाव में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए दावा किया कि मतदाता सूची में 30 से 39 लाख अतिरिक्त नाम जोड़े गए, जिनमें से करीब 1.5 लाख फर्जी हो सकते हैं. राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें ऐसे दस्तावेज़ और डेटा मिले हैं, जो यह साबित करते हैं कि 70 से 80 सीटों पर नतीजों को प्रभावित किया गया.कांग्रेस ने इस मुद्दे पर चुनाव आयोग से डिजिटल वोटर लिस्ट और मतदान के दिन की CCTV फुटेज जारी करने की मांग की है. दूसरी ओर, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को ‘पूरी तरह निराधार’ बताते हुए खारिज कर दिया है. आयोग ने कहा कि सभी EVM और VVPAT की जांच में कोई भी गड़बड़ी नहीं पाई गई है.चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को 12 जून को इस विषय पर संवाद के लिए आमंत्रित भी किया था, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है. उधर, विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को लेकर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है. यह विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक जा सकता है, जिससे देश की चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर बड़ी बहस छिड़ गई है.
रणनीति: उद्धव ठाकरे को राहुल गांधी ने क्यों दिया स्पेशल न्योता? दिल्ली में जुट रहे ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता
.
